COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna

COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna
COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna

मंगलवार, 9 अगस्त 2016

41 फीसदी साक्षरता वाले गांव को पूर्ण साक्षर बनाने की हुई पहल

  • बुजुर्गों ने अंगूठा न लगाने की ली शपथ
  • बच्चे साक्षर बनाएंगे मां-बाप को

जमशेदपुर : झारखंड के पटमदा प्रखण्ड का धुसरा गांव शीघ्र ही शत प्रतिशत साक्षर गांव बन जाएगा। उप समाहत्र्ता-सह-जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी संजय कुमार की पहल पर जिले के पटमदा प्रखण्ड के जनजाति बहुल गांव धुसरा के ग्रामीणों ने सरकारी साक्षरता अभियानों की मदद से अपने गांव को पूर्ण साक्षर बनाने की जिद ठान ली है। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सचिदानंद महतो, ग्राम प्रधान गंगाधर सिंह, ग्राम शिक्षा समिति के अध्यक्ष व सदस्य, गांव के दोनों वार्ड सदस्य की मौजूदगी में हुई ग्राम सभा में सभी ग्रामीण महिला-पुरुष, बुजुर्गाें व बच्चों ने सामूहिक शपथ ली कि उनके गांव में अगामी 15 नवम्बर से पूर्व पूरे गांव को साक्षर कर लिया जाएगा। तय हुआ कि यहां का हर शिक्षित व्यक्ति गांव के कम से कम एक अनपढ़ व्यक्ति को लिखना पढ़ना सिखाएगा। 
ग्राम शिक्षा समिति ने उप-समाहत्र्ता संजय कुमार को आश्वस्त किया कि एक सूची तैयार हो जाएगी, जिसमें स्पष्ट होगा कि कौन शिक्षित व्यक्ति गांव के किस अशिक्षित व्यक्ति को पढ़ना लिखना सिखाएगा। बुजुर्गों ने भी इस अवसर पर संकल्प लिया कि वे आज से अंगूठा नही लगाएंगे, बल्कि घर या पड़ोस के बच्चों से हस्ताक्षर करना इसी माह सीख जाएंगे। बैठक में मौजूद गांव की बुजुर्ग महिला रेवती ने तो बैठक में ही हस्ताक्षर करना सीखने की इच्छा जताई, इस पर वार्ड सदस्य अमित कुमार ने लगभग आधा घंटे के प्रयास में ही उन्हें हस्ताक्षर करना सिखा दिया। इसके बाद तो उत्साहित उक्त बुजुर्ग महिला ने अपने हस्ताक्षरों से पूरा पेज ही भर दिया। 
जनसम्पर्क कार्यालय की तरफ से काॅपी, पेंसिल, वर्णमाला, बालपोथी आदि सामग्री युक्त साक्षरता-किट बांटी गई। इसकी मदद से कई महिलाएं ग्राम सभा में ही अपने बच्चों से लिखना सीखते हुए दिखीं। सभा के बाद उपस्थित ग्रामीणों ने गांव की गलियों में जागरुकता रैली निकाली। इस अवसर पर अमित कुमार सिंह, धनंजय मुर्मू, प्रभाती मार्डी, माधुरी सिंह, निरु सिंह, जानकी सिंह, दीनबंधु मार्डी, आल्यादी मार्डी, मुटकु मार्डी, सहचरी सिंह, हकीम सोरेन, शिव शंकर मुर्मू, सुषमा मार्डी आदि ने उप-समाहत्र्ता की इस पहल का स्वागत करते हुए गांव को साक्षर बनाने में पूरा सहयोग करने को कहा।
उल्लेखनीय है कि जनगणना 2011 के आंकड़ों के अनुसार, लगभग एक हजार की आबादी व 213 घरों वाले धुसरा गांव की कुल साक्षरता दर 40.79 प्रतिशत जबकि महिला साक्षरता केवल 26.49 प्रतिशत है। इस अवसर पर उप-समाहत्र्ता व बीडीओ ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न साक्षरता अभियानों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।

सोमवार, 8 अगस्त 2016

दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

सैकड़ों लोगों की हिस्सेदारी से आॅपरेशन जिन्दगी सफल
 न्यूज@ई-मेल 
आलोक कुमार
पटना : अनुमंडलीय अस्पताल, दानापुर में जिला स्वास्थ्य समिति, पटना के सौजन्य से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सैकड़ों लोगों की हिस्सेदारी से आॅपरेशन जिन्दगी सफल रहा। अनुमंडलीय अस्पताल, दानापुर की नर्सेज आने वाले रक्तदाताओं का पंजीकरण कर रही हैं। नामांकन के बाद रक्तदाताओं को प्रश्नावली एवं सहमति फाॅर्म दिया गया। इस फाॅर्म को भरा गया। बिहार राज्य रक्त अधिकोष, पटना व मेडिकल काॅलेज, पटना द्वारा स्वैच्छिक रक्त देनेवालों को रक्तदाता प्रश्नावली एवं सहमति फाॅर्म दिया गया। 
इसके माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जाता है कि क्या आप पहले रक्तदान किये हैं, हां/नहीं में उत्तर देना है। अगर हां तो कितनी बार? अंतिम रक्तदान की तिथि? रक्त वर्ग? खाना/नास्ता कब किये हैं? रक्तदान के समय या बाद में कोई कठिनाई हुई थी, हां/नहीं? क्या आप आज अच्छा महसूस कर रहे हैं? क्या आप चार घंटा पहले कुछ खायें हैं? क्या आप रात में अच्छी तरह से सोये हैं? क्या कोई कारण है जिससे आप समझते हैं कि पीलिया, मलेरिया, एचआईभी/एड्स व गुप्त रोग से संक्रमित हैं? हां/नहीं में उत्तर देना है।
पिछले 6 माह में बीमारी का इतिहास जानने का प्रयास किया जाता है। आपका अप्रत्याशित वजन में कमी, बराबर दस्त होना, ग्रन्थि (ग्लैंड) में सूजन होना और बराबर कम बुखार रहना। इसी तरह पिछले 6 माह में आपने कार्य किया? गोदना गोदवाया है, कान, नाक छीदवाये हैं और दांत निकलवाया है? क्या आपको बीमारी है? हृदय रोग, फेफड़ा की बीमारी, गुर्दा की बीमारी, कैंसर की बीमारी, मिर्गी, चीनी की बीमारी, क्षय रोग, असमान्य रक्त स्त्राव का लक्ष्मण, पीलिया बी/सी और एलर्जी की बीमारी। पिछले 6 माह में मलेरिया। पिछले 1 साल में पीलिया, यौन संचारित रोग। पिछले 1 साल में टाइफाईड और बेहोश होना। पिछले 72 घंटे में आप किसी का प्रयोग किया है? एंटीवाॅटीक, एसप्रिन, अलकोहल (शराब), स्टीराॅएड। भैक्सीन, कुत्ता काटने पर रैबिज भैक्सीन (पिछले 1 साल में)। पिछले 6 माह से सर्जरी या रक्तधान का इतिहास। बड़ा आॅपरेशन, छोटा आॅपरेशन, रक्तधान। 
महिला रक्तदाता से भी सवाल पूछे जाते हैं। क्या आप गर्भवती हैं? क्या आप को तीन माह के अंदर गर्भपात हुआ है? क्या आपका बच्चा एक वर्ष से कम उम्र का है? फाॅर्म भरने के बाद वजन, पल्स, एचबी, बीपी, तापमान आदि लेने के बाद चिकित्सा पदाधिकारी अपनी सहमति/असहमति रक्तदान करने के लिए देते हैं।

बुनकरों की होगी जनगणना : स्मृति ईरानी

  • जारी किया जाएगा हेल्पलाइन नंबर
  • देश भर में द्वितीय हथकरघा दिवस मनाया गया
  • बुनकरों को संत कबीर पुरस्कार एवं राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार से किया गया सम्मानित

नई दिल्ली : द्वितीय हथकरघा दिवस देश भर में मनाया गया। वाराणसी में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने बुनकरों को संत कबीर पुरस्कार एवं राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार से सम्मानित किया। समारोह में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजीव प्रताप रुड़ी विशिष्ट अतिथि थे। इस दौरान केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टमटा एवं उत्तर प्रदेश के कपड़ा मंत्री महबूब अली भी उपस्थित थे।
बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में आयोजित इस समारोह में उड़ीसा के शरद कुमार पात्रा, भक्त राज मेहर और गुजरात के वंकार भीमजी को संत कबीर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने कार्यक्रम से पूर्व बुनकर के घर जाकर मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि इनकी समस्या बहुत है। उनकी मांग है कि इनके हालात बेहतर किए जाएं और योजनाओं का लाभ कैसे लें, जैसी बुनियादी समस्याओं से जुझ रहे हैं। केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने बुनकरों का जनगणना कराने की बात कही, ताकि सरकार के साथ इनका सीधा संवाद हो सके और ये योजनाओं का भरपूर लाभ उठा सके। उन्होंने बनारस के बुनकरों की समस्या को दूर करने के लिए जल्द हेल्पलाइन नंबर जारी करने का निर्देश दिया। कपड़ा मंत्री ने यह भी कहा कि हथकरधा और इससे जुड़ी मशीनें खरीदने या ठीक करने के लिए सरकार कुल रकम का 90 फीसदी वहन करेगी। उन्होंने इस दौरान हैशटैग आई वियर हैंडलूम की सफलता की भी चर्चा की और कहा कि काफी संख्या में लोगों ने फोटो भारत सरकार के पास भेजा है।
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजीव प्रताप रुड़ी ने भी बुनकरों को अपने मंत्रालय से हर तरह की सहायता देने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान कपड़ा मंत्रालय ने बुनकरों की सहायता के लिए विभिन्न संस्थानों के साथ पांच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसमें हथकरघा बुनकरों एवं उनके बच्चों की पढ़ाई के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ ओपन  स्कूलिंग एवं इग्नू के साथ और बुनकर सेवा केंद्र के माध्यम से हथकरघा बुनकरों के कौशल विकास के लिए राष्ट्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ। अग्रणी फैशन डिजाइनरों को हैंडलूम समुदाय के साथ काम करने और हैंडलूम-हैंडीक्राफ्ट संबंधित संशोधित पाठ्यक्रम निफ्ट में शामिल करने के लिए निफ्ट के साथ, फैशन डिजाइन काउंसिल आॅफ इंडिया सहित आईएमजी के साथ एमओयू भी शामिल है।
ज्ञात हो कि 7 अगस्त को भारत सरकार द्वारा 29 जुलाई, 2015 की तारीख के राजपत्र (गजट) अधिसूचना के माध्यम से राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में अधिसूचित किया गया था, जिसका उद्देश्य हथकरघा उद्योग के महत्व एवं आमतौर पर देश के सामाजिक आर्थिक योगदान में इसके योगदान के बारे में जागरुकता फैलाना और हथकरघा को बढ़ावा देना, बुनकरों की आय को बढ़ाना और उनके गौरव में वृद्धि करना था। पहला राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पिछले वर्ष मनाया गया था और माननीय प्रधानमंत्री 7 अगस्त, 2015 को चेन्नई में आयोजित प्रमुख समारोह में मुख्य अतिथि थे।

शुक्रवार, 5 अगस्त 2016

बंधुआ मजदूरी का सफाया जरूरी : बंडारू दत्तात्रेय

नई दिल्ली : श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बंडारू दत्तात्रेय ने कहा है कि मानव सम्मान और स्वतंत्रता हर लोकतांत्रिक समाज का महत्वपूर्ण अंग हैं और बंधुआ मजदूरी को भारतीय समाज से एक निर्धारित समय के अंदर समाप्त करना जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि बंधुआ मजदूरी के मुद्दे पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता है, ताकि बंधुआ मजदूरी के अभिशाप को हमेशा के लिए खत्म किया जा सके। श्री दत्तात्रेय ने कहा कि मुक्त किए गए बंधुआ मजदूरों, बच्चों और महिलाओं के पुनर्वास के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जानी चाहिए। 
बंधुआ मजदूरी उन्मूलन पर वीवी गिरि राष्ट्रीय श्रम संस्थान, नोएडा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए दत्तात्रेय ने कहा कि न्यायपालिका, जीवंत मीडिया और सिविल सोसायटी, जिला प्रशासन, पुलिस और राज्य श्रम विभागों पर दबाव डालने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ताकि बंधुआ मजदूरी करवाने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हो और मुक्त किए गए बंधुआ मजदूरों का पुनर्वास संभव हो। उन्होंने कहा कि मुक्त किए गए बंधुआ मजदूरी में संलग्न बच्चों, महिलाओं और वयस्कों को बेहतर शिक्षा, कौशल आदि प्रदान किया जाना चाहिए, ताकि उनका सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण हो सके। उन्होंने कहा की बंधुआ मजदूरी के उन्मूलन के लिए मौजूदा प्रणाली में सुधार की आवश्यकता है। बंधुआ मजदूर पुनर्वास, 1978 संबंधी केंद्र द्वारा प्रायोजित योजना की समीक्षा मई, 2000 में की गई थी तथा आज की चिंताओं तथा चुनौतियों के मद्देनजर इसमें और सुधार की जरूरत महसूस की जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए मंत्रालय ने एक संशोधित योजना तैयार की है और सभी राज्य सरकारों, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, संबंधित मंत्रालयों को उनके सुझावों के लिए भेजी गई है। यह संशोधित योजना सुझाव प्राप्त होने के बाद केंद्र सरकार ने 17 मई, 2016 से प्रभावी करने की रजामंदी दे दी है।
इस कार्यशाला में विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के श्रम आयुक्त एवं प्रतिनिधि, केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग एवं सिविल सोसाटी के प्रतिनिधि, अकादमिक क्षेत्रों तथा गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इस कार्यशाला का आयोजन अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (भारत-केंद्र) के सहयोग से किया जा रहा है। नोबेल पुरस्कार प्राप्त डॉ. कैलाश सत्यार्थी ने उद्घाटन समारोह में प्रमुख वक्तव्य दिया। 
दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला मे मौजूदा नियमों की समीक्षा की जा रही है, जिसमें बंधुआ मजदूरी प्रणाली (उन्मूलन) नियम, 1976 शामिल है। इसके प्रभावशाली कार्यान्वयन के लिए संशोधित बंधुआ मजदूर पुनर्वास योजना, 2016 पर भी चर्चा की जाएगी। कार्यशाला के पहले दिन यानी 4 अगस्त, 2016 को सरकारी अधिकारियों, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, पुलिस और न्यायपालिका सहित सभी प्रमुख हितधारकों के साथ परामर्श किया जा रहा है। दूसरे दिन 1976 नियमों में संशोधन करने के लिए सुझावों पर चर्चा की जाएगी। मंत्रालय द्वारा तैयार किए जाने वाले संशोधन प्रस्तावों के मसौदे पर भी चर्चा होगी। कार्यशाला में केंद्र और राज्य के आला अधिकारी, विद्वान एवं विशेषज्ञ, मजदूर संघों तथा स्वयंसेवी क्षेत्र के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

बुधवार, 3 अगस्त 2016

शराबबंदी से समझौता नहीं : नीतीश

पटना : बिहार विधानसभा से शराबबंदी पर नया विधेयक पारित कर दिया गया। नीतीश सरकार के मंत्री जलील मस्तान ने इस विधेयक को सदन में पेश किया, जिसपर पक्ष-विपक्ष में संशोधन को लेकर तीखी बहस हुई। विधानसभा में बहस का जवाब देते हुए सीएम नीतीश कुमार ने एकबार फिर कहा कि मैं बर्बाद हो जाउंगा, नष्ट हो जाउंगा, लेकिन शराबबंदी से पीछे नहीं हटूंगा।
उन्होंने भाजपा की सरकारों पर बिहार में शराब को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। झारखंड की सीमा पर शराब की दुकानें काफी संख्या में खोली जा रही है। इस बात का मैंने दिल्ली में इंटर स्टेट काउंसिल में भी आंकड़ों के साथ विरोध किया। सीएम ने साफ कहा कि विपक्ष कानून में संशोधन का विरोध कर रहा है, लेकिन चार महीनों के अनुभवों के बाद इसमें सुधार किया गया है, जो राज्य के लोगों की हित में हैं।
उन्होंने कहा कि कानून में संशोधन कर इसे और कड़ा बनाया गया है, ताकि पुलिस और अधिकारी मनमानी नहीं कर पाएं। कानून में गलत करने पर पहले अधिकारियोें को तीन महीने का सजा प्रावधान था, अब इसे बढ़ाकर तीन साल कर दिया गया और जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है।
सीएम ने कहा कि ताड़ी पर प्रतिबंध जायज है। ताड़ी एक प्रकार का नशा है। विपक्ष के लोग इस पेशे से जुड़े लोगों के हितैषी नहीं है। वे चाहते हैं, इस समाज के लोग जिंदगीं भर ताड़ के पेड़ पर चढ़ते रहें। सरकार समाज के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ताड़ी के बदले नीरा का निर्माण किया जाएगा और फिर इसकी बिक्री की जाएगी। ताड़ के पेड़ से दूसरे उत्पाद बनाकर सामज के लोगों की आमदनी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि शराबबंदी का कुछ लोग विरोध कर रहे हैं, जिसमें शराब माफिया के लोग शामिल हैं। शराबबंदी से समाज और परिवार में खुशहाली आई है। शराबबंदी को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। यह देखा गया है कि घर में शराब मिलने की स्थिति में कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं था, लिहाजा कानून में सुधार कर वयस्कोें को जिम्मेदार ठहराया गया है।
सीएम ने कहा कि शराब का उत्पादन सूबे में जारी रहेगा और जब राज्य में इसकी बिक्री नहीं होगी तो वो भी धीरे-धीरे छोड़कर चले जाएंगे।
उधर, भाजपा के नंद किशोर यादव ने विधेयक के सिद्धांत में संशोधन का प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कहा कि डंडे के जोर पर नशा को दूर नहीं किया जा सकता है। भाजपा शराबबंदी का समर्थन करती है, लेकिन इस कानून में संशोधन स्वीकार नहीं है। नंद किशोर यादव ने सीएम नीतीश पर सीधा हमला किया और कहा कि वो शराबबंदी को राजनीतिक हथकंडे के रूप में इस्तेमाल करना चाहते हैं। एकतरफ आप बिहार में शराब बनवा रहे हैं, लेकिन लोगों को पीने से मना कर रहे हैं। आखिर यह कैसा कानून है जिसमें घर में शराब मिलने पर पूरे परिवार के लोगों को जेल जाना होगा। उन्होंने कहा कि शराब मिलने पर अगर घर का मुखिया जिम्मेदार होगा, तो सूबे में शराब मिलने पर जिम्मेदार कौन होगा ?
बहस में हिस्सा लेते हुए बीजेपी विधायक आरएस पांडेय ने सदन में कहा कि विधेयक बिना संशोधन के पास हुआ तो सदन के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी एक गौरव की बात है, लेकिन काला कानून लाना ठीक नहीं हैं।

बेतुका फरमान

बिहार में शराबबंदी पर संग्राम छिड़ गया है। नीतीश सरकार ने विधानसभा में एक संशोधन प्रस्ताव पेश किया। इसके मुताबिक, अगर किसी घर में शराब मिली तो परिवार के सभी वयस्क लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके अलावा गांव शराब बंदी की कार्रवाई का विरोध करता है, तो पूरे गांव पर भी केस किया जा सकता है। साथ ही शराबियों को जिलाबदर या तड़ीपार करने का भी प्रावधान है। शराबबंदी कानून में उम्र कैद तक की सजा हो सकती है। बीजेपी ने इसके खिलाफ सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह प्रदर्शन किया है।
इस बीच केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ताड़ी की अनुमति राज्य में दी गई है और अब नया कानून पारित करके नीतीश मजाक का विषय ना कहीं बन जाएं। वहीं केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा है कि बिहार में शराबबंदी विधेयक में जब पूरे परिवार या गांव को सजा दी जा सकती है, तो राज्य के मुखिया को क्यों नहीं सजा दी जा सकती है।

ताड़ी से हटा प्रतिबंध, सरकार का यू टर्न

शराबबंदी पर बिहार सरकार ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा है कि अब शराबबंदी के तहत ताड़ी पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। लालू यादव के दबाव में शायद सरकार ने यह फैसला लिया है। राज्य के उत्पाद और मद्य निषेध मंत्री जलील मस्तान ने कहा है कि ताड़ी पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। अपने नये शराबबंदी कानून में ताड़ी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने वाली नीतीश सरकार ने कहा कि सूबे में ताड़ी फ्री रहेगी।
लालू प्रसाद यादव पहले ही कह चुके थे कि ताड़ी पर प्रतिबंध नहीं लगेगा, जबकि नीतीश कुमार ने अपने नए कानून में ताड़ी को देशी शराब करार दिया था। ऐसे में ताड़ी पीना ही नहीं, बल्कि पेड़ से ताड़ी निकालना और पेड़ में छेद करना तक अपराध हो गया था। इसके लिए 10 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा तय मुकर्रर की गई थी। महागठबंधन की बैठक में भी लालू ने सरकार से ताड़ी फ्री करने को कहा था।
इसके अलावा, राजद के कई विधायकों ने भी नए कानून को लेकर सरकार की आलोचना बैठक में की। बैठक के बाद उत्पाद मंत्री अब्दुल जलील मस्तान ने यूटर्न लिया। ऐसे में ये माना जा रहा है कि लालू का दबाव काम आ गया है।

बिहार में बाढ़ से 60 मरे

  • 12 जिलों के 68 प्रखंडों की 580 पंचायतों में पानी
  • 2,220 गांवों के 29 लाख की जनसंख्या प्रभावित

पटना : राज्य में महानन्दा, बखरा, कंकई, परमार, कोसी एवं अन्य नदी में आए बाढ़ से राज्य के पूर्णियां, किशनगंज, अररिया, दरभंगा, मधेपुरा, भागलपुर, कटिहार, सहरसा, सुपौल, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) एवं मुजफ्फरपुर जिला बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। नेपाल के तराई क्षेत्रों में भारी वर्षा से उत्तरी बिहार के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप जिलो द्वारा तैयारी की गई है।
गंगा कहलगांव (भागलपुर) में, घाघरा-दरौली (सिवान) में, गंगपुर-सिसवन (सिवान) में, बागमती-बेनिबाद (मुजफ्फरपुर) में, अधवारा समूह कमतौल (दरभंगा) में, कोसी-बलतारा (खगड़िया) में, महानन्दा-ढंेगरा घाट (पूर्णियां) में तथा झावा (कटिहार) में खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं।
बाढ़ से अबतक 12 जिलों के 68 प्रखंडों की 580 पंचायतों में 2,220 गांव के 29 लाख जनसंख्या तथा 2 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल एवं 1.20 लाख हेक्टेयर में लगे फसल रकबा प्रभावित है। बाढ़ से 60 व्यक्ति तथा 2 पशु मृत हुए हैं।
बाढ़ के मद्देनजर सुपौल, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं दीदारगंज, पटना में एनडीआरएफ की एक-एक टीमें रवाना की गई थी। वहीं खगड़िया, सीतामढ़ी, पूर्णियां, भागलपुर, मधुबनी, मधेपुरा में एसडीआरएफ की एक-एक टीम रवाना की गई थी। एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की दो-दो टीमें बिहटा, पटना में सुरक्षित रखी गई थी। बाढ़ग्रस्त अररिया जिले में राहत कार्य हेतु सुपौल जिला से 20 एनडीआरएफ जवानों को भेजा गया है। इसके अतिरिक्त बिहटा, पटना से एनडीआरएफ की एक स्पेशल टीम (40 जवान) भेजी गई है। साथ ही मधेपुरा से भी एसडीआरएफ की एक टीम (20 जवान) अररिया भेजी गई है। साथ ही भोजपुर एवं बक्सर से 25-25 सरकारी देशी नाव भी अररिया भेजे गये हैं।
पूर्णियां जिला में एसडीआरएफ की एक टीम पूर्व से प्रतिनियुक्त है। दरभंगा जिले से एनडीआरएफ की एक टीम (45 जवान), पूर्णियां जिला में राहत एवं बचाव कार्य हेतु भेजा गया है। इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ की एक विशेष टीम (65 जवान) बिहटा, पटना से पूर्णियां जिला में राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेजी गई है। साथ ही खगड़िया एवं मुजफ्फरपुर जिला से 25-25 सरकारी देशी नाव पूर्णियां जिला को भेजा गया है।
बाढ़ग्रस्त किशनगंज जिले में बचाव एवं राहत कार्य हेतु पूर्णियां किशनगंज जिले से दो इन्फलेटेबल मोटरबोट के साथ एसडीआरएफ के 10 जवानों को एवं खगड़िया जिला से 4 इन्फलेटेबल मोटरबोट के साथ 20 एसडीआरएफ जबानों को भेजा गया है। इसके अतिरिक्त दरभंगा जिला से एनडीआरएफ के 20 जवानों को किशनगंज जिला भेजा गया है। साथ ही दरभंगा एवं लखीसराय जिले से 50 सरकारी देशी नाव भी भेजा गया है। एसडीआरएफ की एक टीम (20 जवान) मधुबनी से कटिहार भेजी गयी है।
सीतामढ़ी जिला से आधी टीम (20 जवान) पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) भेजी गई है। मोतिहारी मुजफ्फरपुर से एनडीआरएफ की एक टीम (12 जवान) प0 चम्पारण (बेतिया) जिला में भेजा गया है। बिहटा (पटना) एवं दीदारगंज (पटना) से एनडीआरएफ की 1-1 टीम गोपालगंज भेजी गई है।

शनिवार, 30 जुलाई 2016

‘बिहार में एक वर्ष की उम्र के शिशुओं की मृत्यु दर 1,000 पर 43’

  • राज्यपाल ने स्वास्थ्य मेला का किया उद्घाटन
  • पांच वर्ष के बच्चों की मृत्यु दर 1,000 पर 70

पटना : ‘‘राज्य के विकास एवं समाज कल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी संसाधनों पर निर्भरता के साथ-साथ जन-निजी-भागीदारी को व्यावहारिक स्वरूप देना श्रेयस्कर रहता है। राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रक्षेत्र में निजी क्षेत्र का निवेश बहुत जरूरी है। सरकारी चिकित्सा संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण के साथ-साथ निजी क्षेत्र के सहयोग से बड़े-बड़े अस्पताल एवं चिकित्सा संस्थान खोले जाने की जरूरत है। कई जानलेवा बड़ी बीमारियों के इलाज के क्रम में काफी बड़ी पूंजी बिहार से बाहर चली जाती है, जिसे अपने राज्य में ही अन्तर्निहित करते हुए हम बिहार का आर्थिक रूप से भी सशक्तीकरण कर सकते हैं।’’ उक्त विचार महामहिम राज्यपाल रामनाथ कोविन्द ने महावीर वात्सल्य अस्पताल के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘वात्सल्यात् लोक मंगलम्’ नामक स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन करते हुए व्यक्त किये। 
राज्यपाल ने कहा कि हाल में स्थितियों में सुधार के बावजूद, बिहार में एक वर्ष की उम्र तक के शिशुओं की मृत्यु दर प्रत्येक 1,000 पर 43 है। पांच वर्ष उम्र तक के बच्चों की मृत्यु दर प्रत्येक 1,000 पर 70 बताई गई है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार अपने समेकित प्रयासों से हालात में सुधार के ठोस प्रयत्न कर रही हैं। बिहार सरकार भी अपने ‘सात निश्चयों’ के तहत ‘हर घर-नल का जल’ तथा ‘शौचालय निर्माण-घर का सम्मान’ जैसे कार्यक्रमों पर तेजी से अमल कर रही है। नवजात शिशुओं की प्राण रक्षा के लिए अनुमंडल एवं जिला अस्पतालों में नवजात शिशु देखभाल केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं तथा शिशु एवं मातृ मृत्यु दर को नियंत्रित करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। श्री कोविन्द ने कहा कि आज महावीर वात्सल्य अस्पताल द्वारा ‘स्वास्थ्य मेले’ का आयोजन किया जाना एक जनहितकारी एवं प्रशंसनीय कार्य है। यह एक ऐसा प्रयास है, जिसके माध्यम से विभिन्न रोगों से पीड़ित मानवता को तो राहत पहुंचायी जा सकती है, साथ ही स्वस्थ रहने के तौर-तरीके भी आम जनता, विशेषकर गरीब लोगों को बताए-समझाए जा सकते हैं। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकायुक्त-सदस्य मिहिर कुमार झा ने कहा कि महावीर वात्सल्य अस्पताल माताओं और नवजात बच्चों की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैश है और यहां गरीबों का भी कम शुल्क पर सुगमता से ईलाज हो जाता है। कार्यक्रम में लेडी गवर्नर सविता कोविन्द भी उपस्थित थीं। समारोह को अस्पताल के अध्यक्ष जस्टिस उदय सिन्हा, महावीर पारा मेडिकल ट्रेनिंग एण्ड रिसर्च इंस्टीट्यूट के निदेशक डाॅ. एसपी श्रीवास्तव, ‘यूनिसेफ’ के राज्य प्रधान यामीन मजूमदार आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महावीर वात्सल्य अस्पताल के निदेशक डाॅ. एसएस झा ने किया।

इकबाल अहमद अंसारी बने पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश

पटना : महामहिम राज्यपाल रामनाथ कोविन्द ने पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस इकबाल अहमद अंसारी को पद की शपथ दिलायी। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में आयोजित किया गया था। शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधान सभा के अध्यक्ष विजय कुमार चैधरी, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव एवं बिहार विधान परिषद् में नेता प्रतिपक्ष सहित बिहार मंत्रिपरिषद् के माननीय कई मंत्रीगण, माननीय पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, बिहार विधान परिषद् एवं बिहार विधान सभा के कई माननीय सदस्यगण, लोकायुक्त एवं लोकायुक्त सदस्यगण, महाधिवक्ता, विभिन्न आयोगों, निगमों, प्राधिकारों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यगण, राज्य सरकार के वरीय पदाधिकारीगण आदि भी उपस्थित थे।

शुक्रवार, 29 जुलाई 2016

नहीं रहीं महाश्वेता देवी

  • महान साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता लंबे समय से थीं बीमार
  • ज्ञानपीठ, पद्म विभूषण, साहित्य अकादमी और मैग्सेसे पुरस्कारों से सम्मानित
  • ज्यादा समय वह आदिवासियों के बीच काम करती रहीं
  • चर्चित किताबों में हजार चैरासी की मां, ब्रेस्ट स्टोरीज, तीन कोरिर शाध शामिल
  • फिल्म ‘हजार चैरासी की मां’, ‘रुदाली’, ‘संघर्ष’ और ‘माटी माय’ महाश्वेता के उपन्यासों पर आधारित
पटना : बांग्ला की जानी मानी साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता महाश्वेता देवी का कोलकाता में निधन हो गया है। वो 90 साल की थीं। महाश्वेता देवी लंबे समय से उम्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित थीं। उन्हें लंबे समय से गुर्दे और रक्त संक्रमण की समस्या थी। पिछले दो महीने से वो कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं और 23 जुलाई को उन्हें हार्ट अटैक हुआ था।
उनके निधन की खबर मिलते ही सबसे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘भारत ने एक महान लेखिका खो दिया है। बंगाल ने एक महान मां को खोया है। मैंने अपना एक मार्गदर्शक खो दिया है।’’
बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट में लिखा, ‘‘महाश्वेता देवी ने कलम की ताकत को बखूबी दिखाया है। न्याय, बराबरी और दया की यह आवाज हमें गहरे दुख में छोड़कर चली गई।’’ फिल्मकार महेश भट्ट और मधुर भंडारकर ने भी महाश्वेता देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। भट्ट ने ट्वीट में लिखा कि वह महिला जो कमजोरों के साथ चली और जिसने ताकतवर लोगों के साथ बैठने से मना कर दिया।
महाश्वेता देवी को ज्ञानपीठ, पद्म विभूषण, साहित्य अकादमी और मैग्सेसे पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। तीन दशक से ज्यादा समय तक वह आदिवासियों के बीच काम करती रहीं। उनके साहित्य का काफी हिस्सा आदिवासियों के जीवन पर आधारित था।
यूं तो महाश्वेता देवी बांग्ला में उपन्यास लिखा करती थीं, लेकिन अंग्रेजी, हिंदी और अलग-अलग भाषाओं में अनुवाद के जरिए उनके साहित्य की पहुंच काफी व्यापक स्तर पर थी। उनकी चर्चित किताबों में हजार चैरासी की मां, ब्रेस्ट स्टोरीज, तीन कोरिर शाध शामिल हैं। उनकी कई किताबों पर फिल्में भी बनाई गई हैं। ‘हजार चैरासी की मां’ पर फिल्मकार गोविंद निहलानी ने फिल्म बनाई है। इसके अलावा ‘रुदाली’, ‘संघर्ष’ और ‘माटी माय’ भी ऐसा सिनेमा है, जो महाश्वेता के उपन्यासों पर आधारित है।
साभार : बीबीसी