संक्षिप्त खबर
नई दिल्ली : बजट के दिन ऊर्जा दक्षता सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) ने घरेलू कुशल प्रकाश कार्यक्रम (डीईएलपी) के तहत नागरिकों के बीच सात करोड़ एलईडी बल्बों का वितरण किया है। यह रिकार्ड वितरण बजट के दिन किया गया। बिजली मंत्रालय के तहत काम करने वाली ऊर्जा दक्षता सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) ने इस योजना को क्रियान्वित किया है। इसने देश भर के 11 राज्यों में 2.3 करोड़ लोगों को गोद लिया है।
ईईएसएल ने 19 दिन में एक करोड़ से अधिक बल्बों का वितरण किया। इससे पहले छह करोड़ बल्बों का वितरण पहले ही फरवरी माह में कर दिया गया था। सात करोड़ एलईडी बल्बों के वितरण से सरकार ने अधिकतम मांग के दौरान 2085 मेगावाट बिजली की मांग को रोकने और 2.4 करोड़ किलोवाट प्रतिदिन बिजली बचाने में मदद की है। भारत ने कार्बन उत्सर्जन को कम करने का वचन दिया है और इस योजना की इसे पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार रिहायशी क्षेत्र में देश भर के 77 करोड़ बल्बों को मार्च, 2019 तक एलईडी बल्बों में बदलने को समर्पित है। इस लक्ष्य से 20 हजार मेगावाट बिजली के भार को कम होने की उम्मीद है। इससे सालाना 1000 लाख किलोवाट बिजली बचने का अनुमान है।
इस समय डीईएलपी का यह कार्यक्रम राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, झारखंड और उत्तराखंड में पूरी तरह चल रहा है। जल्दी ही राष्ट्रीय स्तर पर इस कार्यक्रम की शुरुआत केन्द्र शासित प्रदेश दादर तथा नगर हवेली के अतिरिक्त गुजरात, मध्यप्रदेश, हरियाणा, ओडिशा और बिहार में की जाएगी।
सेना में भर्ती के लिए पंजीकरण 25 मार्च तक
पूर्णिया : निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय कटिहार से प्राप्त सूचना के अनुसार 09 अप्रैल, 2016 से 19 अप्रैल, 2016 तक सभी ट्रेड के लिए गढ़वाल मैदान (सैन्य शिविर), कटिहार में 12 जिलों की भर्ती की जायेगी जिसमें बांका, खगडि़या, सुपौल, अररिया, सहरसा, बेगुसराय, मुंगेर, मधेपुरा, भागलपुर, पूर्णियां, किशनगंज और कटिहार के युवको को मौका मिलेगा। सभी अभ्यर्थी अपना पंजीकरण तथा आवेदन 23 फरवरी, 2016 से 25 मार्च, 2016 तक WWW.joinindianarmy.nic.in पर कर सकते हैं।
‘हम हैं वंडर बाॅयज’ का प्रदर्शन अप्रैल में

डीएम की अध्यक्षता में यातायात संबंधित बैठक
पूर्णिया : शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाकर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पिछले दिनों जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आहुत की गई। जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त को शहर की सभी महत्वपूर्ण सड़कों से अतिक्रमण हटाने हेतु अभियान चलाने का निर्देश दिया। शहर में आॅटो पड़ाव के रूप में चिन्हित स्थलों पर संकेत पट तथा सीमा निर्धारण करने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया गया। सड़क किनारे वाहनों के अवैध पार्किंग के विरूद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोरतम फाइन लगाने हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी को कार्रवाई करने को कहा गया। यातायात में लगाये गए पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को विस्तृत ब्रीफिंग कर निदेश देने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर को कहा गया। अवैध पार्किंग के विरूद्ध कार्रवाई हेतु एक क्रेन सदर अनुमंडल पदाधिकारी को नगर निगम द्वारा सुलभ कराया जा रहा है। नो-इंट्री के नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निदेश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, पुलिस निरीक्षक यातायत सहित विभिन्न थाना प्रभारी उपस्थित थे।
पंचायत निर्वाचन संबंधित बैठक
पूर्णिया : जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आगामी पंचायत निर्वाचन से संबंधित तैयारी की समीक्षा हेतु बैठक हुई। पंचायत निर्वाचन हेतु तैयार आरक्षण रोस्टर का प्रकाशन प्रखंड स्तर पर तथा पंचायत से संबंधित पदांे हेतु पंचायत भवन में करने का निदेश दिया गया। नाम निर्देशन हेतु ससमय आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यक प्रपत्र, पंजी, नाजिर रसीद आदि पर्याप्त संख्या में संधारित करने का निदेश दिया गया। नाम निर्देशन हेतु पर्याप्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की जा रही है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्रखंड स्तर नियत्रंण कक्ष की स्थापना करने का निदेश दिया गया। प्रत्येक प्रखंड में दो-दो आदर्श मतदान केन्द्र की स्थापना हेतु मतदान केन्द्र को चिन्हित करने का निर्देश दिया। सभी मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कार्रवाई का निदेश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया। पंचायत निर्वाचन में बाधा पहुंचाने वाले अधिक से अधिक संभावित तत्वों की पहचान कर उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निदेश सभी अनुमंडल पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें