COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna

COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna
COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna

गुरुवार, 11 दिसंबर 2014

मनायी जाने लगी प्रभु येसु के आगमन की खुशी

संक्षिप्त खबर
पटना : बालक येसु का जन्म 24 दिसम्बर की मध्यरात्रि को एक गौशाला में साधारण परिवार के घर हुआ था। माता मरियम के गर्भ से बालक येसु का जन्म होने पर उसे कपड़े में लपेटकर चरणी में सुला दिया जाएगा। इस वर्ष भी इसी समय का इंतजार है। घर-घर जाकर क्रिसमस साॅग गाने का सिलसिला शुरू हो गया है। गीत मंडली की टोली में किसी बच्चे के हाथ में बालक येसु की प्रतिमा होती है। जब गीत मंडली ईसाई समुदाय के घर पहुंचती है, घर के लोग बालक येसु का स्वागत करते हैं। इस अवसर पर गीत मंडली भक्ति गीत गाती है। आया येसु राजा कि सब मिलकर गाओ खुशियां मनाओ.... जगत का राज दुलारा आया....। खुशी मनाओ रे जन्मा येसु राजा-राजा... जन्मा येसु राजा...। फिर एक से दूसरे घर की ओर प्रस्थान करने के पहले घर वालों को हैप्पी क्रिसमस और हैप्पी न्यू ईयर की अग्रिम शुभकामनाएं दी जाती है।
ज्ञात हो कि बालक येसु के इस इंतजार के चार रविवार को आगमन का रविवार कहते हैं। आजकल ईसाई समुदाय आगमन काल से गुजर रहा है। रविवार 30 नवम्बर कोे प्रथम, 7 दिसम्बर को द्वितीय, 14 दिसम्बर को तृतीय और 21 दिसम्बर को चतुर्थ है। 24 दिसम्बर को छोटा पर्व और 25 दिसम्बर को बड़ा पर्व है। बालक येसु के जन्म के साथ ही बड़ा दिन शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न गिरजाघरों में 24 दिसम्बर की मध्यरात्रि और 25 दिसम्बर को प्रातःकाल मिस्सा होगा। इस मिस्सा पूजा में शिरकत करने लोग जाते हैं। 
आगमन के दूसरे रविवार से गीत मंडली द्वारा भक्ति गीत का गायन शुरू हो चुका है। यह सिलसिला सप्ताह भर से अधिक चलेगा। वहीं 13 दिसम्बर से पटना स्थित कुर्जी पल्ली में भक्ति गीत का आयोजन होगा।

चर्च में लगी आग पर दुख जताया

दिल्ली : पिछले दिनों संत सेबेस्टियन चर्च में आग लगने की घटना हुई। बताया जाता है कि चर्च से किरासन तेल की महक आ रही थी। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग लगने की घटना राजनीतिक लाभ लेने या फिर शाॅट सर्किट होने के कारण हुई है। चर्च के अंदर रखे सामान जलकर राख हो गये। लेकिन, यह किसी चमत्कार सा ही रहा कि ‘परमप्रसाद’ और रखने वाले स्थान का बाल भी बाका नहीं हुआ। यहां के फादर कहते हैं कि यह सचमुच चत्मकार ही है। 
संत सेवेस्टियन चर्च से जुड़ी पल्ली में करीब छह सौ परिवार रहते हैं। दिल्ली के फादर डोमनिक का कहना है कि क्रिसमस पर्व का काउंटडाउन आरंभ हो गया है। आखिर लोग त्योहारी मिस्सा पूजा में भाग लेने कहां जाएंगे? चर्च बनाने में समय और धनराशि की आवश्यकता पड़ती है। कैसे संभव हो सकेगा ? पटना से सामाजिक कार्यकर्ता व कांग्रेस नेता सिसिल साह ने संत सेवेस्टियन चर्च में लगी आग पर दुःख व्यक्त किया है। वे कहते हैं कि अभी एक चर्च में आग लगी है, यह सिलसिला न बने। साथ ही इस घटना की जांच होनी चाहिए। दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। 

विकलांगों ने रखी 21 सूत्री मांग

पटना : पिछले दिनों विभिन्न जिलों के विकलांगों ने मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के समक्ष प्रदर्शन किया। बिहार विकलांग अधिकार मंच के बैनर तले 21 सूत्री मांगें रखी गईं। ये हैं - राज्यसभा, लोकसभा, विधानसभा, एवं विधान परिषद में विकलांगों के लिए सीट आरक्षित हो। साथ ही, पंचायत एवं वार्डों के चुनाव में भी आरक्षण की व्यवस्था हो। पीडब्ल्यूडी 1995 के संशोधन कानून विकलांग अधिकार अधिनियम, लोकसभा से अविलम्ब पारित कर देश स्तर पर उसे लागू किया जाय। देश स्तर पर राष्ट्रीय विकलांग आयोग एवं राज्यों में राज्य विकलांग आयोग का स्वतंत्र प्रभार के रूप में गठन हो। दिल्ली एवं अन्य राज्यों के आधार पर सभी राज्यों में विकलांग मंत्रालय एवं विभाग का गठन किया जाए। देश के सभी रेलवे स्टेशनों पर विकलांग बोगी के सामने बोर्ड लगाया जाए तथा रेल के बीच में ही विकलांग डब्बा लगे। यह जानकारी संघ के सचिव राकेश कुमार ने दी।
संघ की मांग है कि देश एवं राज्य स्तर पर विकलांगों के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं की जानकारी रेडियो, अखबार, टीवी, आदि पर हो। देश के सभी श्रेणी की नौकरियों में विकलांगों की क्षमता के अनुसार आरक्षण का प्रावधान हो। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर मिलने वाली विकलांग पेंशन को बैंक से जोड़ दिया जाए। देश के बेरोजगार विकलांगों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाए। साथ ही अन्य कई मांगें संघ ने रखी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें