COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna

COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna
COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna

बुधवार, 16 अक्तूबर 2013

क्या खत्म हो जायेगी मिन्ता की चिन्ता

MINTA DEVI
राजीव मणि
यह कहानी है एक औरत की। एक ऐसी औरत की जो शादीशुदा होते हुए भी करीब साल भर विधवा की तरह रही। और फिर पहले पति के जिन्दा रहते, बिना तलाक के ही, दूसरे के साथ जबरन ब्याह दी गयी। इस औरत का नाम है मिन्ता देवी। 
मिन्ता देवी (22) जमसौत मुसहरी की रहने वाली है। सन् 2002 में मिन्ता की शादी मोहनचक निवासी कुणाल (23) से हुई थी। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे। इधर पिछले दो वर्षों से कुणाल का चक्कर यादव जाति की एक औरत के साथ चल रहा था। इसका नाम ममता है। ममता पहले से ही शादीशुदा है। मिन्ता बताती है कि ममता का पति ज्यादा उम्र का था। उसका हमारे घर काफी आना-जाना था। और गांव के रिस्ते से मजाक भी किया करती थी। 
अचानक कुणाल और ममता अपने-अपने घरों से भाग गये। बाद में पता चला कि दोनों भागकर पति-पत्नी की तरह कहीं रह रहे हैं। मिन्ता कुणाल को जब भी फोन कर पूछती, तो हमेशा वह लौट आने की बात करता, लेकिन आ नहीं रहा था। इधर यादव जाति के लोग इस घटना से बेहद नाराज हैं और उसे जान से मार देने को खोज रहे हैं। एक-दो बार वे मिन्ता के साथ मारपीट भी कर चुके हैं। 
देखते-देखते कई माह गुजर गये। मिन्ता के घर वाले अब मान चुके हैं कि कुणाल लौटकर नहीं आने वाला। ज्ञात हो कि शादी के 11 साल गुजर जाने के बाद भी मिन्ता मां नहीं बन सकी। 
अंततः हार कर मिन्ता के घर वालों ने मिन्ता की दूसरी शादी कर देने की ठान ली। अपनी विरादरी में ही लड़के की खोज होने लगी। और एक लड़का मिल ही गया। फूलवाड़ीशरीफ स्थित कुरकुरी का रहने वाला राजकुमार मांझी (35)। राजकुमार चार बच्चों का बाप है। नगर निगम में काम करता है। विधुर है। इसी नवरात्र में अष्टमी की रात मिन्ता की शादी राजकुमार से कर दी गयी। बिना किसी बाजे-गाजे के, बिना ताम-झाम के। हालांकि मिन्ता को शादी अपने परिवार वालों के दबाव में करनी पड़ी।
अबतक किसी मुसहरी से लड़की-औरत को लेकर भागने या उससे शादी रचाने की घटना देखी-सुनी जाती रही है। लेकिन, मुसहर द्वारा किसी दूसरी जाति की लड़की-औरत को लेकर भागने या उससे शादी रचाने की घटना कम ही सामने आयी है। अब ऐसी स्थिति में दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें