COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna

COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna
COPYRIGHT © Rajiv Mani, Journalist, Patna

गुरुवार, 24 नवंबर 2016

वित्तीय वर्ष 2015-16 में 40,638.36 करोड़ रुपये के राजस्व की प्राप्ति

 संक्षिप्त खबरें 
पिछले वित्तीय वर्ष 2014-15 की तुलना में 28.75 प्रतिशत अधिक
रांची : विकास आयुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव, योजना-सह-वित्त विभाग अमित खरे ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2015-16 के वित्त लेखे एवं विनियोग लेखे का झारखंड विधान सभा के पटल पर उपस्थापन किया गया। उन्होंने बताया कि महालेखाकार, झारखंड द्वारा तैयार किये गये वित्त लेखे के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2015-16 में झारखंड रेवेन्यू सरप्लस रहा है। वित्तीय वर्ष 2014-15 में जहां 230.34 करोड़ रुपये का राजस्व घाटा था, वहीं वित्तीय वर्ष 2015-16 मंे राजस्व घाटा को समाप्त कर राजस्व अतिरेक 4,085.53 करोड़ रुपये है, जो कुल जीएसडीपी का 1.80 प्रतिशत है। 
अमित खरे ने कहा कि प्रतिवेदन के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2015-16 में कुल 40,638.36 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई, जो वित्तीय वर्ष 2014-15 की तुलना में 9,073.80 करोड़ रुपये अधिक है, पिछले वर्ष की तुलना में यह 28.75 प्रतिशत अधिक है। वित्तीय वर्ष 2014-15 में कुल 40,041.50 करोड़ रुपये की तुलना में वित्तीय वर्ष 2015-16 में कुल 54,437.27 करोड़ रुपये व्यय हुए। कुल प्राप्ति में 13,767.85 करोड़ रुपये की ऋण उगाही में 5,553.37 करोड़ रुपये उदय योजना के अन्तर्गत लिये गये ऋण शामिल है। 
विकास आयुक्त ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2015-16 में कुल 31,287.07 करोड़ रुपये का योजना व्यय हुआ है, जो वित्तीय वर्ष 2014-15 के कुल 18,745.38 करोड़ रुपये के योजना व्यय की तुलना में 66.91 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 12,541.69 करोड़ रुपये से अधिक है। उदय योजना छोड़कर भी वृद्धि दर 37.28 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि योजना व्यय में महत्वपूर्ण यह है कि वित्तीय वर्ष 2015-16 में पूंजीगत व्यय 15,494.05 करोड़ रुपये था, जो विगत् वित्तीय वर्ष 2014-15 में पूंजीगत् योजना व्यय 6,309.46 करोड़ रुपये से दुगने से भी अधिक है। 
उन्होंने कहा कि राजकोषीय घाटा भी, जो वित्तीय वर्ष 2014-15 में राज्य सकल घरेलू उत्पाद का 3.32 प्रतिषत था, वित्तीय 2015-16 में घटकर (उदय योजना को छोड़कर) राज्य सकल घरेलू उत्पाद का 2.64 प्रतिशत हो गया है। ज्ञात हो कि भारत सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2015-16 में ऊर्जा विभाग के उदय योजना के लिए लिये गये ऋण को राजकोषीय घाटा के आकलन में शामिल नहीं किया जाना है।

झारखंड दिवस पर गूंजी पारंपरिक संस्कृति की गूंज

नई दिल्ली : कहीं नागपुरी डांस की चमक, तो कहीं मुंदरी डांस का धमाल, कहीं संथाली डांस की धमक, तो कहीं छउ डांस का जलवा। झारखंड पवेलियन में आयोजित झारखंड दिवस समारोह के दौरान बिलकुल ऐसा ही नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थीं। प्रगति मैदान में 36वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने समारोह का शुभारम्भ किया और पवेलियन का मुआयना भी किया। उन्होंने पवेलियन में मौजूद सभी प्रदर्शकों को बधाई दी और उनका हौसला भी बढ़ाया। सभी स्टाल्स पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि मेले में झारखंड साझीदार प्रदेश की भूमिका निभा रहा है। उन्होने कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत खुशी हुई। पवेलियन के सभी स्टॉल धारक झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं। राज्य सरकार इन सभी उद्यमियों को प्रोत्साहन और बढ़ावा देने के उद्देश्य से लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम तथा अत्यंत लघु श्रेणी के उद्यमियों के लिए योजनाएं चला रही है। राज्य में नए उद्योग एवं निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उद्यमियों के समक्ष नई उद्योग नीति को मंजूरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि स्टार्ट अप इंडिया की तर्ज पर स्टार्ट अप झारखंड की कार्य योजना तैयार की जा रही है। विकास की अविरल धारा को निरंतर गति देने के लिए कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं सबके लिए आवास से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। ये प्रयास लगातार तेज किए जा रहे हैं। इसके बाद शाम को हंसध्वनि थिएटर में सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड के लोक कलाकारों ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वल्लित कर की गई। 
इसके अंतर्गत शंकर नायक एंड ग्रुप ने नागपुरी डांस की प्रस्तुति दी। इसके बाद गरू मुंडा ग्रुप ने मुंदरी डांस, साखर पहन ग्रुप ने करसा डांस, फगुआ भगत एंड ग्रुप ने ओरावन डांस, गुलाब सिंह मुंडा एंड ग्रुप ने पाइका डांस, रसिक बसकी एंड ग्रुप ने संथली डांस, जगरनाथ महतो एंड ग्रुप ने छउ डांस की प्रस्तुति दी। अंत में सभी कलाकारों ने मिलकर फ्यूजन प्रस्तुति दी। इस अवसर पर प्रधान स्थानिक आयुक्त झारखंड, डीके तिवारी, सचिव, उद्योग खान एवं भूतत्व विभाग, सुनील कुमार बर्णवाल, निदेशक उद्योग खान एवं भूतत्व विभाग, के. रवि कुमार भी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें